नेपाल : 52.50 लाख रु. की बेहिसाबी नकदी के साथ एक भारतीय सहित चार गिरफ्तार
काठमांडू, 11 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के पर्सा जिले में पुलिस ने 52 लाख 50 हजार रुपये की बेहिसाबी नकदी के साथ एक भारतीय नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस टीम ने वीरगंज महानगरपालिका के आदर्शनगर से उक्त रकम सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, प्रदेश 2-03-003 प 7215 और ना 57 प 5182 नंबर की मोटरसाइकिलों की तलाशी लेने के दौरान यह रकम बरामद हुई।
गिरफ्तार होने वालों में भारत के बिहार स्थित सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना निवासी 26 वर्षीय सुरज कर्ण, बारा जिले के प्रसौनी गाउँपालिका निवासी 32 वर्षीय उपेन्द्र साह और 26 वर्षीय सागर कुमार सर्राफ, तथा पर्सा जिले के बिन्दवासिनी गाउँपालिका निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार गुप्ता शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद रकम के स्रोत और मामले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास