पश्चिम बंगाल में मतदान के मद्देनजर ७२ घंटे के लिए नेपाल की सीमा सील

 


काठमांडू, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारत के पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नेपाल–भारत सीमा सोमवार मध्यरात्रि से सील की जा रही है। 23 अप्रैल को दार्जिलिंग सहित 16 जिलों में मतदान होगा।

झापा जिला के प्रमुख जिला अधिकारी शिवराम गेलाल ने बताया कि पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले से सटे झापा के काकरभिट्टा और भद्रपुर तथा इलाम के पशुपतिनगर नाकों को 72 घंटे के लिए सील किया जाएगा। चुनाव अवधि के दौरान सुरक्षा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों के सुरक्षा निकायों के समन्वय में सीमा सील की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जिला प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन सीमा के दोनों ओर होने वाले चुनाव के दौरान सीमा सील करने की परंपरा रही है, जिसे इस बार भी जारी रखा गया है।

जिला प्रशासन कार्यालय के अनुसार सीमा बंद रहने के दौरान अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आम लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की गई है। हालांकि आपातकालीन सेवाएं, स्वास्थ्य संबंधी कारण या अत्यावश्यक सरकारी कार्यों के लिए समन्वय के माध्यम से आवागमन की व्यवस्था की जाएगी।

भारत में होने वाले चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से सीमा क्षेत्रों में सख्ती बढ़ाने की परंपरा के तहत इस बार भी काकरभिट्टा–पानीटंकी, भद्रपुर–गलगलिया और पशुपतिनगर–फाटक नाकों को बंद कर निगरानी बढ़ाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास