नेपाल में भारत के राजदूत से पीएम बालेन्द्र शाह की मुलाकात, द्विपक्षीय मसलों पर हुई बातचीत
काठमांडू, 10 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने आज यहां देश के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से मुलाकात की।
सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई यह महत्वपूर्ण बैठक करीब 45 मिनट तक चली। बैठक में दोनों पक्षों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
नेपाल के प्रधानमंत्री सचिवालय ने जानकारी दी कि बैठक में नेपाल और भारत के बीच आपसी संबंधों, द्विपक्षीय सहयोग तथा विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, बैठक में उठाए गए विषयों के बारे में विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी गई है।
भारतीय राजदूत के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री शाह आज अपराह्न तीन बजे चीन के राजदूत से भी मुलाकात करने वाले हैं। इसी तरह मंगलवार सुबह नेपाल में अमेरिकी राजदूत से भी मुलाकात तय होने की सूचना है।
प्रधानमंत्री शाह की एक के बाद एक भारत और चीन के राजदूतों के साथ होने वाली इन बैठकों को नेपाल की विदेश नीति और दोनों पड़ोसी देशों के साथ संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने नेपाल में तैनात विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ सामूहिक बैठक भी की थी। ऐसे में भारत और चीन के राजदूतों के साथ अलग-अलग होने वाली बैठकों को उस व्यापक कूटनीतिक संवाद की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
नेपाल के लिए भारत और चीन दोनों प्रमुख पड़ोसी और महत्वपूर्ण विकास साझीदार हैं। इसलिए प्रधानमंत्री स्तर पर दोनों देशों के राजदूतों के साथ नियमित संवाद को नेपाल के आर्थिक, व्यापारिक, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय हितों के लिहाज से अहम माना जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास