नेपाल में भारी बारिश से मध्य पहाड़ी लोकमार्ग अवरुद्ध, हजारों यात्री फंसे

 


काठमांडू, 13 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के रुकुम पूर्व जिले में बुधवार शाम से लगातार हुई भारी बारिश के कारण मध्य पहाड़ी लोकमार्ग अवरुद्ध हो गया है। भूमे गाउंपालिका स्थित काडाबगर और धौलापहिरो में मलबे के साथ तेज बहाव और पहिरा (भूस्खलन) गिरने से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई।

सड़क अवरुद्ध होने के बाद काठमांडू से रुकुम पूर्व, रुकुम पश्चिम और डोल्पा की ओर जाने वाली यात्री बसें तथा अन्य वाहन रास्ते में ही रुक गए हैं। भूस्खलन के कारण हजारों की संख्या में यात्री बीच रास्ते में फंस गए हैं।

सड़क को फिर से चालू करने के लिए डोजर सहित आवश्यक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है। हालांकि, लगातार बारिश होने के कारण भूस्खलन हटाने में कठिनाई आ रही है।

रुकुमपूर्व की प्रमुख जिला अधिकारी कोपिला राई ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क खोलने के लिए सिस्ने और भूमे गाउंपालिकाओं में जेसीबी को भी लगाया गया है। भूस्खलन से सड़क को नुकसान पहुंचा है। सड़क को पूरी तरह सुचारु करने में समय लग सकता है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बारिश जारी रहने तक दोबारा भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों से सावधानी बरतने और जोखिम वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास