नेपाल ने मध्य पूर्व के 12 खाड़ी देशों के लिए श्रम स्वीकृति को निलंबित किया

 


काठमांडू, 01 मार्च (हि.स.)। मध्यपूर्व क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के बीच नेपाल सरकार ने 12 मध्यपूर्वी देशों के लिए वैदेशिक रोजगार की श्रम स्वीकृति (लेबर अप्रूवल) को निलंबित कर दिया है।

वैदेशिक रोजगार विभाग ने एक सूचना जारी करते हुए व्यक्तिगत तथा संस्थागत—दोनों श्रेणियों की श्रम स्वीकृति को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की जानकारी दी है।

विभाग के प्रवक्ता चन्द्र बहादुर शिवाकोटी ने बताया कि मध्यपूर्व और खाड़ी क्षेत्र की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह निलंबन सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, बहरीन, ओमान, इराक, यमन, जॉर्डन, लेबनान, तुर्की और इजरायल पर लागू होगा।

यह कदम संयुक्त राज्य अमेरिका/इजरायल और ईरान के बीच तेज हुई शत्रुता के बाद उठाया गया है। यह निर्णय श्रम, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा मंत्रालय द्वारा मंत्रिस्तरीय स्तर पर लिया गया है।

मध्यपूर्व देशों में युद्ध फैलने के साथ ही नेपाल ने अगली सूचना तक इन 12 गंतव्यों के लिए श्रम स्वीकृति रोक दी है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में मध्यपूर्व में कुल 17,29,288 नेपाली कार्यरत हैं। इनमें ईरान में 6, इजरायल में लगभग 6,500, मिस्र में 500, ओमान में 25,000, कतर में 3,57,913, कुवैत में 1,75,000, बहरीन में 28,000, सऊदी अरब में 3,84,865, संयुक्त अरब अमीरात में लगभग 7,00,000, लेबनान में 1,500, इराक में 30,000 तथा साइप्रस में 17,000 नेपाली शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास