नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल 7 दिन रहेंगे जांच एजेंसी की हिरासत में
काठमांडू, 23 जून (हि.स.)। नेपाल की विशेष अदालत ने सम्पत्ति शुद्धीकरण अनुसन्धान विभाग को पूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को आगे की जांच के लिए 7 दिनों तक हिरासत में रखने की अनुमति दी है। विशेष अदालत के न्यायाधीश नारायण पौडेल, हेमन्त रावल और उमेश कोइराला की संयुक्त पीठ ने यह आदेश जारी किया। अदालत ने सोमवार से प्रभावी होने वाले 7 दिनों की हिरासत की मंजूरी दी है।
अदालत के आदेश के अनुसार इस अवधि के दौरान सम्पत्ति शुद्धीकरण अनुसन्धान विभाग पौडेल से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की विस्तृत जांच जारी रखेगा। यदि जांच के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता पड़ी, तो प्रारंभिक 7 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद जांच एजेंसी को दोबारा विशेष अदालत से समय बढ़ाने की अनुमति लेनी होगी।
नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के उपाध्यक्ष भी रहे विष्णु पौडेल को सोमवार को सुर्खेत से गिरफ्तार किया गया था।गिरफ्तारी के बाद उन्हें उसी रात सड़क मार्ग से काठमांडू लाया गया। बाद में उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच के सिलसिले में विशेष अदालत में पेश किया गया। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अब तक उनके खिलाफ लगाए गए विशिष्ट आरोपों और मामले के विस्तृत विवरण को सार्वजनिक नहीं किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास