नेपाल के प्रधानमंत्री के संभावित भारत दौरे को लेकर विदेश मंत्री ने जताया भरोसा, परिणाममुखी होगा

 




काठमांडू, 30 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह उचित समय पर भारत का दौरा करेंगे। हालांकि, अभीतक यात्रा की कोई औपचारिक तारीख तय नहीं हुई है।

बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेकर काठमांडू लौटने के बाद त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में खनाल ने कहा कि नई सरकार के गठन के तुरंत बाद भारत की ओर से प्रधानमंत्री शाह को औपचारिक रूप से भारत आने का निमंत्रण दिया गया था।

खनाल ने कहा, “हम शुरुआत से ही कह रहे हैं कि सरकार बनने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री को भारत का निमंत्रण मिला था और हमने इसे सकारात्मक रूप से लिया है। हम उचित अवसर पर परिणाममुखी यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।”

भारत दौरे की संभावित तारीख के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों की सहमति पर इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा, “आज की तारीख में यह निश्चित नहीं है कि यात्रा कब होगी लेकिन दोनों पक्ष चाहते हैं कि यह यात्रा यथासंभव फलदायी और परिणाममुखी हो।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास