नेपाल के विदेश मंत्री खनाल शुक्रवार को जाएंगे भारत, जयशंकर से होगी अहम वार्ता
काठमांडू, 04 जून (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल शुक्रवार को आधिकारिक भारत जायेंगे। वह भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के औपचारिक निमंत्रण पर नई दिल्ली जा रहे हैं।
नेपाल के विदेश मंत्री का भारत दौरा सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने के नेपाल लौटने के दिन से ही शुरू हो रही है। रवि लामिछाने इस समय भारत में हैं और शुक्रवार को अयोध्या दर्शन के बाद लौट रहे हैं। इससे पहले खनाल को 31 मई को भारत जाना था, जहां उन्हें नई दिल्ली में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन सम्मेलन स्थगित होने के कारण यह दौरा टल गया था।
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि विदेश मंत्री खनाल शुक्रवार को ही भारत की यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरे में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, संपर्क (कनेक्टिविटी), ऊर्जा सहयोग तथा अन्य द्विपक्षीय हितों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। नेपाल और भारत के बीच वार्ता में आर्थिक एवं रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर रहने की संभावना है। मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री खनाल 7 जून को नेपाल लौटेंगे।
इससे पहले खनाल और जयशंकर के बीच इंडिया फॉाउंडेशन की ओर से मॉरीशस में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुलाकात हुई थी, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की थी। विदेश मंत्री खनाल की यह यात्रा नेपाल-भारत संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि नई सरकार के गठन के बाद दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय राजनीतिक संपर्क लगातार बढ़ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास