चीन में रहे नेपाल के विदेश मंत्री ने कहा, बड़े भ्रष्टाचार मामलों की सभी फाइल खोले जाएंगे
काठमांडू, 14 जून (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा है कि पुराने और बड़े भ्रष्टाचार मामलों की सभी पुरानी फाइल को खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मामलों की जांच प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और सरकार ने भ्रष्टाचार उन्मूलन को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है।
चीन की आधिकारिक यात्रा के दौरान रविवार को बीजिंग पहुंचे मंत्री खनाल ने नेपाली दूतावास द्वारा आयोजित नेपाली प्रवासी समुदाय के साथ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सरकार में शामिल होने के बाद सुशासन के चुनावी वादों के अनुरूप काम किया जा रहा है। मंत्री खनाल ने कहा, “हमने वादा किया था कि पुराने और बड़े भ्रष्टाचार मामलों की जांच होनी चाहिए। सरकार बनने के बाद एक कार्यदल गठित किया गया है, जिसने 2063 (वि.सं.) के बाद हुए भ्रष्टाचार और धन शोधन से जुड़े मामलों की जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।”
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शासन चलाने वालों ने देश को अपेक्षित सुशासन नहीं दिया, इसलिए उनकी पार्टी सरकार में शामिल हुई। सार्वजनिक सेवाओं को सरल और झंझटमुक्त बनाने के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विदेश मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि विदेश में रहने वाले नेपाली नागरिकों की शिकायतें सुनने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए विदेश मंत्रालय ने ‘मोफा मित्र’ नामक मोबाइल ऐप शुरू किया है।
उन्होंने कहा, “यदि किसी नेपाली को विदेश में कोई समस्या आती है और वह इस ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करता है, तो संबंधित दूतावासों के साथ तुरंत समन्वय कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाती है। हम परिणाममुखी कार्यों पर केंद्रित हैं और निकट भविष्य में जनता को इसके ठोस परिणाम महसूस होंगे।”
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास