नेपाल के भोटेकोशी की बाढ़ में 40 किमी सड़क और 22 पुल बहे
काठमांडू, 26 अगस्त (हि.स.)। रसुवा की भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ ने रसुवागढ़ी से लेकर धादिङ के गल्छी तक बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस इलाके में 40 किमी की पक्की सड़क बाढ़ की चपेट में आ गई है। इसी तरह बाढ़ में 22 पक्के पुल और पांच बेलीब्रिज बह गए हैं।
सड़क विभाग के प्रवक्ता एवं उपमहानिदेशक शुभराज न्यौपाने के अनुसार, रसुवा, नुवाकोट और धादिङ के विभिन्न क्षेत्रों में 22 पक्के पुल तथा पांच बेलीब्रिज बाढ़ में बह गए हैं। उन्होंने बताया कि त्रिशूली, बेत्रावती, तादी खोला और गल्छी समेत विभिन्न स्थानों पर बने पक्के पुल बाढ़ की चपेट में आए हैं।
बाढ़ से नुवाकोट के बेत्रावती से रसुवागढ़ी सीमा नाके को जोड़ने वाली सड़क को भी भारी नुकसान पहुंचा है। न्यौपाने के अनुसार, बेत्रावती से रसुवागढ़ी नाके तक करीब 40 किलोमीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। इस मार्ग के विभिन्न स्थानों पर स्थित पक्के पुल भी बाढ़ में बह गए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रारंभिक क्षति का विवरण है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
इसी बीच, जोखिम को देखते हुए मुग्लिन-नारायणगढ़ सड़क मार्ग भी बंद कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास