तिब्बत से आए पानी के सैलाब से नेपाल के रसुवा में भारी तबाही, टिमुरे बाजार और कस्टम क्षेत्र में बाढ़ से हालात बेहद गंभीर, सैन्य हेलीकॉप्टर रवाना
काठमांडू, 26 अगस्त (हि.स.)। तिब्बत से अचानक आए पानी के सैलाब ने नेपाल के रसुवा जिले के टिमुरे बाजार क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। इससे लेन्दे खोला (भोटेकोशी नदी) उफान पर है। अधिकारियों के अनुसार, लेन्दे खोला में आई बाढ़ से टिमुरे सहित आसपास के दो बाजार पूरी तरह तहस-नहस हो गए हैं।
रसुवा के सहायक जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी के अनुसार, बाढ़ ने बाजार और सीमा शुल्क कार्यालय क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि रसुवा भन्सार क्षेत्र में बड़ी संख्या में वाहन और अन्य सामान बाढ़ में बह गए। पिछले वर्ष की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए स्थान पर हाल ही में बनाया गया नया पुल भी बह गया है।
जिला पुलिस कार्यालय रसुवा के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक आई भीषण बाढ़ से टिमुरे बाजार की बस्ती प्रभावित हुई। रसुवा के जिला अधिकारी नरेन्द्र परियार ने कहा बाढ़ से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। निचले तटीय क्षेत्र में जलविद्युत परियोजनाओं के बह जाने और बस्तियों में बाढ़ का पानी घुसने की भी खबर मिली है।
नेपाल पुलिस के तीन कार्यालयों को भी भारी क्षति पहुंची है। पुलिस प्रधान कार्यालय के अनुसार रसुवा जिले में इलाका प्रहरी कार्यालय टिमुरे, प्रहरी चौकी स्याफ्रुबेसी और प्रहरी चौकी रसुवागढ़ी प्रभावित हुए हैं। इस बीच, बाढ़ का पानी नुवाकोट पहुंच गया है। जिला प्रशासन कार्यालय नुवाकोट के सूचना अधिकारी रूपेश प्रसाद नेपाल ने इसकी पुष्टि की है।
चार जिलों की ओर जाने वाले वाहन काठमांडू में रोके गए
रसुवा में आई बाढ़ और संभावित जोखिम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने काठमांडू से रसुवा, नुवाकोट, चितवन और धादिड़ जाने वाले वाहनों को काठमांडू में ही रोक दिया है। एसपी (ट्रैफिक काठमांडू कार्यालय) नरेशराज सुवेदी के अनुसार, बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इन जिलों की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
दो सैन्य हेलीकॉप्टर रसुवा रवाना
राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाली सेना के दो हेलीकॉप्टर रसुवा के लिए रवाना हुए हैं। नेपाली सेना के प्रवक्ता एवं सहायक रथी राजाराम बस्नेत ने बताया कि दोनों हेलीकॉप्टर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की ओर भेजे गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सभी हेलीकॉप्टर कंपनियों को भी अलर्ट मोड पर रहने को कहा है।
पांच जिलों के नदी तटीय क्षेत्रों में सतर्कता
सरकार ने रसुवा, नुवाकोट, धादिड़, गोरखा और चितवन से होकर बहने वाली नदियों के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। इस बीच, गृहमंत्री सुदन गुरुड़ की अध्यक्षता में कमान्ड पोस्ट की आपात बैठक शुरू हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास