नेपाल के ऊंचाई वाले इलाके में ग्लेशियर टूटने से मची तबाही, चीन का दावा
काठमांडू, 28 अगस्त (हि.स.)। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा है कि नेपाल में आई मौजूदा आपदा का कारण ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित एक ग्लेशियर का टूटना है। उन्होंने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीन के केरूंग और नेपाल में आई बाढ़ को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए यह जानकारी दी।
लिन जियान ने कहा कि चीन और नेपाल के विशेषज्ञों तथा संबंधित आधिकारिक संस्थानों ने आपदा के कारणों का प्रारंभिक आकलन किया है। उनके अनुसार, नेपाल के ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित एक ग्लेशियर के टूटने के बाद यह आपदा आई।
दुनिया भर की मीडिया द्वारा चीन को दोषी बताए जाने के बाद बीजिंग ने सफाई देते हुए सरासर झूठ बोला है। नेपाल में इस बात को लेकर काफी गुस्सा है कि चीन द्वारा पूर्व सूचना नहीं दिए जाने के कारण नेपाल में इतनी बड़ी क्षति हुई।
अबतक प्राप्त सभी प्रमाणों में यह साफ दिख रहा है कि यह बाढ़ चीन के कब्जे वाले तिब्बत के इलाके से आई है। नेपाल के रसुवा से ऊपर चीन का करूंग इलाका है और इस तरफ से सैलाब नेपाल की तरफ आया। लेकिन चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ-साफ झूठ बोलते हुए इसके लिए नेपाल में रहे ग्लेशियर के टूटने को कारण बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास