नेपाल के वित्त मंत्री की प्रवासियों से अपील, देश के विकास के लिए करें निवेश

 


काठमांडू, 26 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने नेपाली प्रवासियों से देश के विकास और समृद्धि में योगदान देने के लिए अपनी मातृभूमि में निवेश करने का आग्रह किया है।

ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले युवा नेपाली उद्यमियों के साथ वर्चुअल संवाद के दौरान डॉ. वाग्ले ने उन्हें सरकार और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के एक बार का नेपाली, हमेशा का नेपाली के सिद्धांत पर भरोसा रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

मंत्री के निजी सचिवालय के अनुसार, डॉ. वाग्ले ने कहा कि विदेश में रहने वाले नेपाली सद्भावना दूत (गुडविल एंबेसडर) के रूप में कार्य करते हैं और आर्थिक विकास को गति देने के सरकारी प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा किए गए कर एवं राजस्व सुधारों और उद्योग-अनुकूल नीतियों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने प्रतिभागियों को यह भी आश्वासन दिया कि देश में निवेश करने वाले नेपाली अपने लाभांश और रिटर्न को आसानी से वापस (स्वदेश) ले जा सकेंगे।

रविवार को आयोजित चर्चा के दौरान मंत्री वाग्ले ने कहा, एनआरएन बांड, ऑफशोर बांड और वैकल्पिक वित्तपोषण तंत्र उन परिवर्तनकारी पहलों में शामिल हैं जिन्हें सरकार ने नेपाली प्रवासियों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास