नेपाल में फीफा विश्व कप की अवैध स्ट्रीमिंग पर कार्रवाई, 35 वेबसाइट और ऐप पर प्रतिबंध
काठमांडू, 11 जून (हि.स.)। नेपाल सरकार ने फीफा विश्व कप के मैचों का अनधिकृत प्रसारण करने की तैयारी कर रहे 35 वेबसाइटों और मोबाइल ऐप्स को बंद करने का निर्देश दिया है।
नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण ने गुरुवार को सभी मोबाइल तथा इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को पत्र भेजकर इन वेबसाइटों और ऐप्स तक पहुंच रोकने के लिए कहा। प्राधिकरण ने पत्र में कहा है कि फीफा विश्व कप 2026 के नेपाल में विशेष और आधिकारिक प्रसारण अधिकार हिमालय टेलिभिजन नेटवर्क के अंतर्गत हिमालय स्पोर्ट्स तथा डिशहोम डिजिटल प्रालि के अंतर्गत डिगो ब्रॉडकास्टिंग कन्सोर्टियम को प्राप्त हैं। इससे पहले सूचना एवं संचार मंत्रालय ने भी अनधिकृत प्लेटफॉर्मों को बंद करने के लिए प्राधिकरण को पत्राचार किया था।
मंत्रालय के अनुसार कुछ पाइरेटेड और अनधिकृत वेबसाइट तथा ऐप्स नेपाल में विश्व कप मैचों की मुफ्त स्ट्रीमिंग की तैयारी कर रहे थे। पत्र में सेवा प्रदाताओं से कहा गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि इन वेबसाइटों और ऐप्स के माध्यम से विश्व कप 2026 के मैचों का अवैध प्रसारण न हो तथा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं।
चार वर्ष पहले भी विश्व कप फुटबॉल के दौरान अनधिकृत प्रसारण के कारण दूरसंचार और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं की बैंडविड्थ खपत में भारी वृद्धि हुई थी। इसके चलते सेवा प्रदाताओं को अतिरिक्त बैंडविड्थ शुल्क का भुगतान करना पड़ा था।
करोड़ों रुपये खर्च कर विश्व कप प्रसारण अधिकार हासिल करने वाले हिमालय स्पोर्ट्स और डिगो लंबे समय से ऐसे अवैध प्लेटफॉर्मों पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे। इस विषय पर सूचना एवं संचार मंत्रालय ने सक्रियता दिखाते हुए सेवा प्रदाताओं के साथ कई दौर की चर्चा भी की थी।
इसी प्रक्रिया के तहत नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण ने अनधिकृत प्लेटफॉर्मों को बंद करने का निर्देश जारी किया है। इसके साथ ही संबंधित वेबसाइटों और ऐप्स को बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास