नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री ओली की हुई सर्जरी, अस्पताल के आईसीयू में रखा गया
काठमांडू, 13 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सर्जरी की गई है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है।
महाराजगंज स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल के सूचना अधिकारी कालीप्रसाद रोस्यारा ने बताया कि सोमवार को उनकी पित्ताशय (गॉलब्लैडर) की सर्जरी की गई। सर्जरी में आधे घंटे से अधिक समय लगा। ऑपरेशन के बाद उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया है। उन्हें कुछ समय तक आईसीयू में चिकित्सकों की निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।
ओली को पुलिस ने 28 मार्च की सुबह गिरफ्तार किया था। इसके बाद स्वास्थ्य जांच के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें वहीं भर्ती रखा गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें रिहा किया गया था, लेकिन उनके स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में ही रखा गया था और उनका इलाज जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास