अरेस्ट वारंट जारी होने के बाद नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा की प्रतिक्रिया
काठमांडू, 08 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा ने उनके और उनके परिवार के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस समय देउवा हांगकांग में है और वहां से उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए गिरफ्तारी वारंट को गलत बताया। साथ ही उन्होंने आय से अधिक संपत्ति संबंधी मीडिया रिपोर्टों को झूठा और भ्रामक बताया।
वर्तमान में इलाज के लिए हांगकांग में मौजूद देउवा ने कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के दौरान कानून के अनुसार संबंधित निकायों को अपनी संपत्ति का सही विवरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने लोकतांत्रिक शासन, कानून का शासन, स्वतंत्र न्यायपालिका और पारदर्शिता के प्रति अपने आजीवन प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि उनका जीवन एक खुली किताब की तरह रहा है।
देउवा ने यह भी याद दिलाया कि उनके कार्यकाल के दौरान ही प्रमुख भ्रष्टाचार विरोधी कानून लागू किए गए थे। उन्होंने 1991 में गृह मंत्री रहते हुए अख्तियार दुरुपयोग अनुसन्धान आयोग से संबंधित कानून और 2002 में प्रधानमंत्री रहते हुए भ्रष्टाचार नियंत्रण अधिनियम लागू किए जाने का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि वह इस समय विदेश में उपचाररत हैं, इसलिए नेपाल लौटने में कुछ समय लग सकता है। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंततः सत्य की जीत होगी और जनता से अपील की कि बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई खबरों से भ्रमित न हों।
देउवा का यह बयान उन खबरों के जवाब में आया है, जिनमें बुधवार को उनके और उनकी पत्नी आरजू राणा देउवा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के संबंध में गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने की बात कही गई थी।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास