नेपाल की कुल ऊर्जा क्षमता बढ़कर 4,296 मेगावाट
काठमांडू, 09 मई (हि.स.)। नेपाल की कुल ऊर्जा क्षमता बढ़कर 4,296 मेगावाट पहुंच गई है। ऊर्जा, जलस्रोत तथा सिंचाई मंत्रालय के अनुसार यह क्षमता नेपाल विद्युत प्राधिकरण और निजी क्षेत्र द्वारा उत्पादित बिजली के आधार पर निर्धारित की गई है।
मंत्रालय ने बताया कि परीक्षण चरण में मौजूद परियोजनाओं और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों से उत्पादित बिजली को छोड़कर कुल 4,296 मेगावाट क्षमता निर्धारित हुई है। चालू आर्थिक वर्ष के अंत तक यह क्षमता 4,500 मेगावाट से अधिक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।
वर्तमान में लगभग 3,000 मेगावाट क्षमता की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जबकि समान क्षमता वाली परियोजनाएं निर्माण शुरू करने की तैयारी में हैं। अब तक 66 केवी से ऊपर के लगभग 7,360 सर्किट किलोमीटर प्रसारण लाइन का निर्माण पूरा हो चुका है। मंत्रालय के अनुसार 14,323 एमवीए क्षमता वाले सबस्टेशन भी तैयार किए जा चुके हैं। इसके अलावा 33 केवी क्षमता के करीब 8,225 सर्किट किलोमीटर प्रसारण लाइन तथा 3,308 एमवीए क्षमता के सब स्टेशन बनाए गए हैं।
सरकार की पहल, सक्रियता और नेपाल विद्युत प्राधिकरण द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के कारण देशभर में बिजली चोरी घटकर 12.5 प्रतिशत पर सीमित हो गई है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी चोरी को और कम करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सबस्टेशन क्षमता विस्तार, प्रसारण लाइन स्तरोन्नति और अन्य तकनीकी उपाय अपनाए जाएंगे।
इसी प्रकार प्रति व्यक्ति बिजली खपत 450 किलोवाट घंटा तक पहुंच गई है। राष्ट्रीय विद्युत प्रणाली और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के माध्यम से अब तक लगभग 99 प्रतिशत आबादी को बिजली की पहुंच मिल चुकी है। अब तक बिजली निर्यात 2,918 गिगावाट घंटा रहा है, जबकि लगभग 590 गिगावाट घंटा बिजली आयात की गई है।
वर्तमान में सौर्य ऊर्जा उत्पादन क्षमता 62.7 मेगावाट तक पहुंच गई है। वहीं लघु और साना जलविद्युत परियोजनाओं से 55.3 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास