नेपाल के हिमालयी और दुर्गम क्षेत्र में मतगणना शुक्रवार से होगी

 


काठमांडू, 05 मार्च (हि.स.)। नेपाल के निर्वाचन आयोग ने बताया है कि प्रतिनिधि सभा चुनाव की मतगणना आसान और सुलभ क्षेत्रों में आज ही शुरू की जाएगी, जबकि दूरदराज़ और हिमालयी क्षेत्रों में शुक्रवार से मतगणना शुरू होगी।

निर्वाचन आयोग के कार्यवाहक प्रमुख आयुक्त रामप्रसाद भण्डारी ने बताया कि दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों से मतपेटिकाओं को हेलीकॉप्टर के माध्यम से लाना पड़ता है, इसलिए वहां से सभी मतपेटिकाएँ इकट्ठा करने में समय लगता है। भण्डारी ने कहा कि अभी सभी क्षेत्रों से मतपेटिकाएँ एकत्र की जा रही हैं और कई दूरस्थ स्थानों से उन्हें हेलीकॉप्टर से लाना पड़ रहा है, इसलिए इन क्षेत्रों में मतगणना शुक्रवार से शुरू की जाएगी।

दूरदराज़ क्षेत्रों के कई मतदान केन्द्रों की मतपेटिकाएँ पहले जिला या क्षेत्रीय केन्द्रों तक पहुँचाई जाएंगी, उसके बाद ही मतगणना शुरू होगी। अयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सोलुखुम्बु जिला, संखुवासभा जिला और ताप्लेजुङ जिला के 16 मतदान स्थल, गण्डकी प्रदेश के 32 मतदान स्थल, रसुवा जिला, दोलखा जिला और धादिङ जिला के कुछ मतदान केन्द्र की मतपेटिकाएं कल सुबह तक ही एकत्रित हो पाएगी।

इसी तरह लुम्बिनी प्रदेश के रुकुम पूर्व के 7 मतदान स्थल तथा कर्णाली प्रदेश के हुम्ला जिला, डोल्पा जिला और रुकुम पश्चिम के 40 मतदान स्थलों की मतपेटिकाएँ भी हेलीककॉप्टर के माध्यम से लाई जाएंगी जिसके बाद इन निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना शुक्रवार से शुरू होगी। इसके अलावा सुदूरपश्चिम प्रदेश के दार्चुला जिला, बाजुरा जिला और बझाङ जिला के 20 मतदान स्थलों की मतपेटिकाएँ भी दूरस्थ इलाकों से लानी पड़ेंगी, जिसके कारण वहां की मतगणना शुक्रवार से ही शुरू हो पाएगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास