नेपाल के पोखरा में सोमवार से चुनावी नतीजे आने तक रात्रिकालीन व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक
काठमांडू, 28 फरवरी (हि.स.)। नेपाली संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के चुनाव में सुरक्षा को देखते हुए मतदान से तीन दिन पहले ही 02 मार्च (सोमवार) से कास्की में रात्रिकालीन व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध चुनावी नतीजे आने तक प्रभावी रहेगा।
प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए 05 मार्च को मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। निर्वाचन आयोग के मुताबिक चुनावी नतीजे आने में पांच-छह दिन लग सकते हैं। कास्की जिले का मुख्यालय पोखरा शहर है।
जिला प्रशासन कार्यालय कास्की ने चुनाव परिणाम आने तक सार्वजनिक रूप से सूचित किया है कि होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, डांस बार, शराब की दुकानें सहित सभी रात्रिकालीन व्यावसायिक गतिविधियां रात 9 बजे तक ही संचालित हो सकेंगी।
प्रशासन कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना में चुनाव अवधि के दौरान सार्वजनिक शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की गई है।
अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त नियम के पालन की निगरानी की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति या संस्था निर्देश की अवहेलना करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
होली पर्व के मद्देनजर भी प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर भीड़भाड़ के साथ होली न मनाने की अपील की है। पोखरा शहर चुनाव के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में गिना जाता है। चुनावी आचार संहिता लागू होने के साथ ही प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठा रहा है।
प्रशासन का यह कदम शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में एक सावधानीपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास