नेपाल के चुनाव प्रचार में भारतीय सांसद को बुलाने की शिकायत निर्वाचन आयोग में दर्ज
काठमांडू, 04 मार्च (हि.स.)। नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी के सांसद जगदम्बिका पाल को बुलाये जाने की निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्हें कपिलवस्तु–3 में कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक प्रताप शाह ने चुनाव प्रचार के लिए बुलाया था।
शाह अपने सोशल मीडिया फेसबुक पर सार्वजनिक किए गए वीडियो में भारतीय सांसद जगदम्बिका पाल के साथ मतदान करने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। नेपाल में चुनाव प्रचार तेज रहने के दौरान जगदम्बिका पाल कांग्रेस उम्मीदवार शाह के निवास पर पहुंचे थे। वहीं से मतदाताओं से समर्थन की अपील किए जाने का तथ्य सामने आने के बाद विपक्षी दल नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी की तरफ से उम्मीदवार वीरेंद्र कनोड़िया ने जिला निर्वाचन आयोग के कार्यालय में नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार अभिषेक प्रताप शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और संप्रभु प्रक्रिया के तहत संपन्न कराने की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से इसकी जांच की मांग की है।
नेपाल के चुनाव कानून और आचार संहिता के अनुसार विदेशी नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से चुनाव प्रचार में शामिल होने की अनुमति नहीं है। यदि किसी विदेशी नागरिक द्वारा खुले तौर पर किसी उम्मीदवार के पक्ष में मत मांगने की पुष्टि होती है, तो संबंधित उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। उधर, शाह पक्ष ने इसे मात्र ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया है। उनका कहना है कि यह कोई औपचारिक चुनावी कार्यक्रम नहीं था, बल्कि व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर मुलाकात हुई थी।
निर्वाचन कार्यालय कपिलवस्तु ने संकेत दिया है कि यह कार्य आचार संहिता के विपरीत हो सकता है और कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। औपचारिक शिकायत मिलने के बाद निर्वाचन आयोग तथ्यों की जांच कर रहा है। आयोग की तरफ से बताया गया है कि इस विषय में जांच पूरी होने के बाद आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
विदेशी नेता की खुली उपस्थिति में मत मांगने के मुद्दे ने कपिलवस्तु–3 के चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। इस घटना ने कानूनी, कूटनीतिक और नैतिक बहस को तेज कर दिया है और अब सबकी नजर आयोग की कार्रवाई पर टिकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास