नेपाल में संसदीय चुनाव के मद्देनजर 4, 5 और 6 मार्च को रहेगा राष्ट्रीय अवकाश

 




काठमांडू, 25 फरवरी (हि.स.)। नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव में अधिक से अधिक शामिल हो सकें, इसलिए सरकार ने तीन दिनों के राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा की है। मतदान से एक दिन पूर्व और मतदान के दिन सहित कुल तीन दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

निर्वाचन आयोग के अनुरोध पर लिया गया यह निर्णय मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मंगलवार की शाम को हुई कैबिनेट बैठक में निर्वाचन आयोग के प्रस्ताव पर सरकार ने मुहर लगा दी, जिसके बाद बुधवार को राजपत्र प्रकाशित कर तीन दिनों के राष्ट्रीय अवकाश की औपचारिक घोषणा की गई।

इस तीन दिनों के राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा के साथ ही अब पूरे आठ दिन का अवकाश हो गया है। सरकार ने पहले ही 2 और 3 मार्च को होली के लिए राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा की है। 4, 5 और 6 मार्च को मतदान के लिए राष्ट्रीय अवकाश दिया गया है। 7 मार्च को शनिवार होने से साप्ताहिक अवकाश रहता है। इसी तरह 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सरकारी पूर्व घोषित अवकाश है।

सरकार का मानना है कि अवकाश की घोषणा से सरकारी तथा निजी क्षेत्र के कर्मचारी, श्रमिक, विद्यार्थी और अन्य वर्ग सहज रूप से अपने गृह क्षेत्र जाकर मतदान कर सकेंगे। हालांकि, अत्यावश्यक सेवाएं जैसे स्वास्थ्य, सुरक्षा, संचार तथा आपूर्ति संबंधी सेवाएं पूर्ववत संचालित रहेंगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास