नेपाल : चार निर्वाचन क्षेत्रों की गिनती अब तक शुरू नहीं
काठमांडू, 07 मार्च (हि.स.)। नेपाल में प्रतिनिधि सभा के प्रत्यक्ष चुनाव के तहत १६१ निर्वाचन क्षेत्रों में मतों की गिनती जारी है, लेकिन भौगोलिक स्थिति और मौसम संबंधी कठिनाइयों के कारण चार निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक मतों की गिनती शुरू नहीं हो सकी है।
निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता सुमन घिमिरे के अनुसार दूरदराज़ क्षेत्रों से मतपेटिकाएँ मुख्य स्थान तक पहुँचाने में कठिनाई होने के कारण गिनती में देरी हुई है।
जिन निर्वाचन क्षेत्रों में अभी तक मतों की गिनती शुरू नहीं हुई है, उनमें संखुवासभा१ १, गोरखा १, मुगु १ और धनुषा १ शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार संखुवासभा–१ की मतपेटिकाएँ पहुँच चुकी हैं और सभी दलों की बैठक के बाद आज शाम से मतों की गिनती शुरू की जाएगी।
गोरखा–१ में दूरस्थ क्षेत्रों से मतपेटिकाएँ सेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से लायी जा रही हैं, जबकि मुगु–१ में मतपेटिकाएँ पहुँचने के बाद ही मतों की गिनती शुरू होगी।
वहीं, धनुषा–१ में मतों की गिनती की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश जारी है और शीघ्र ही गिनती शुरू होने की संभावना है। यहाँ पर पहले गिनती शुरू हो चुकी थी लेकिन दलों के बीच विवाद होने के कारण पिछले 36 घंटों से वहां पर मतों की गिनती रुकी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास