गोरखपुर से ड्रग्स की डिलीवरी लेने पहुंचे दो भारतीय नागरिक काठमांडू से गिरफ्तार
काठमांडू, 15 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के काठमांडू में थाईलैंड से तस्करी कर लाये गए तीन किलो गांजा बरामद करने के बाद पुलिस ने इसकी डिलीवरी लेने पहुंचे दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भारत के उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी 30 वर्षीय बार्कतुल्लाह और 25 वर्षीय युसुफ खान के रूप में हुई है।
नेपाल के लागूऔषध नियंत्रण ब्यूरो, कोटेश्वर के अनुसार, क्याथे पैसिफिक एयरवेज के जरिए वियतनाम से हांगकांग होते हुए नेपाल पहुंची म्यांमार की नागरिक जिन जिन फाओ पुलिस की निगरानी में आई थीं। हवाई मार्ग से नेपाल आने वाले यात्रियों की प्रोफाइलिंग के दौरान उनके यात्रा इतिहास के आधार पर उन पर संदेह हुआ।
ब्यूरो की टीम ने 13 सितंबर को काठमांडू, सोह्रखुट्टे स्थित एक होटल से फाओ को गिरफ्तार किया। उनके सूटकेस की तलाशी लेने पर तीन किलो थाईलैंड का गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद गांजे की जानकारी गोपनीय रखते हुए जांच आगे बढ़ाई और इसे लेने आने वाले लोगों का इंतजार किया। इसी दौरान गांजे की डिलीवरी लेने पहुंचे गोरखपुर के बार्कतुल्लाह और युसुफ खान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से तीन पासपोर्ट, तीन मोबाइल फोन और तीन किलो गांजा बरामद किया गया।
ब्यूरो के एसपी एवं प्रवक्ता दुर्गाराज रेग्मी के मुताबिक, गिरफ्तार म्यांमार की महिला पेशे से बढ़ई है और सिंगापुर में रहकर बढ़ई का काम करती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा तस्करों ने उसे पैसे देने और नेपाल घूमने का लालच देकर अपने साथ जोड़ा था।
तस्करों ने फाओ को यह नहीं बताया था कि उनके सूटकेस में गांजा है। उन्हें बताया गया था कि लगेज में ऐसे सामान हैं, जिन्हें कानूनी रूप से नेपाल ले जाया जा सकता है। वियतनाम पहुंचने के बाद एक अन्य म्यांमार नागरिक ने उन्हें गांजे से भरा सूटकेस दिया, जिसे लेकर वह हांगकांग के रास्ते नेपाल पहुंचीं।
फाओ का सूटकेस त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक्स-रे जांच से भी गुजर गया था। हालांकि, उनके यात्रा इतिहास पर संदेह होने के कारण ब्यूरो की टीम ने उन पर नजर रखी और सोह्रखुट्टे से गांजे सहित गिरफ्तार कर लिया।
जांच अधिकारियों के अनुसार, बरामद तीन किलो गांजे की भारत पहुंचने के बाद कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख नेपाली रुपये तक हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास