नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री माधव नेपाल और पूर्व मंत्री समेत 97 लोगों के खिलाफ मुकदमा
काठमांडू, 03 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के भ्रष्टाचार निरोधक निकाय अख्तियार दुरुपयोग अनुसन्धान आयोग ने पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल और पूर्व मंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के नेता डॉ. मिनेन्द्र रिजाल समेत 97 लोगों के खिलाफ विशेष अदालत में भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया है।
आयोग ने मंगलवार को इनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। यह मुकदमा सुनसरी जिले के इटहरी स्थित रिजाल कैनिंग कंपनी (रिजाल टासी इंडस्ट्रीज) की निर्धारित भूमि सीमा से अधिक जमीन बेचने के आरोप में दर्ज किया गया है।
आयोग के अनुसार, कंपनी के पास निर्धारित सीमा से अधिक जमीन थी। आरोप है कि इस जमीन को मंत्रिपरिषद से निर्णय कराकर जमीन की अदला-बदली के नाम पर बेचा गया।
आयोग ने आरोप लगाया है कि माधव कुमार नेपाल के प्रधानमंत्री रहते हुए मंत्रिपरिषद की बैठक में ही निर्धारित भूमि सीमा से अधिक जमीन बेचने की अनुमति दी गई थी। इसी आरोप के आधार पर आयोग ने पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व मंत्री और अन्य आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में भ्रष्टाचार का मुकदमा दायर किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास