नेपाल में 637 पर्वतारोहियों को 18 पर्वतों पर चढ़ाई की अनुमति

 




काठमांडू, 29 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में 2026 के शरद ऋतु के पर्वतारोहण सत्र के लिए 68 दलों के कुल 637 पर्वतारोहियों को 18 अलग-अलग पर्वतों पर चढ़ाई की अनुमति मिली है।

पर्यटन विभाग के अनुसार, अनुमति पाने वाले पर्वतारोहियों में 474 पुरुष और 163 महिलाएं शामिल हैं। विभाग ने पर्वतारोहियों से 23.85 करोड़ नेपाली रुपये रॉयल्टी के रूप में एकत्र किए हैं।

पर्यटन विभाग के सूचना अधिकारी सूरज घिमिरे के अनुसार, सबसे अधिक 500 पर्वतारोहियों वाले 43 दलों को माउंट मनास्लु पर चढ़ाई की अनुमति मिली है। मनास्लु के पर्वतारोहियों से विभाग ने 22.58 करोड़ नेपाली रुपये रॉयल्टी प्राप्त की है। इसी तरह 34 पर्वतारोहियों को धौलागिरी-1, 20 को पुथा हिमचुली, 16 को डांगा हिमचुली और 10 पर्वतारोहियों को बरुन्स्ते पर्वत पर चढ़ाई की अनुमति दी गई है।

इसके अलावा पर्यटन विभाग ने मकालू, गंगापूर्णा वेस्ट, थोरोंग पीक, अन्नपूर्णा-4, पुमोरी और थापा पीक (धम्पुस) समेत अन्य पर्वतों पर भी चढ़ाई की अनुमति प्रदान की है। नेपाल में शरद ऋतु को पर्वतारोहण के प्रमुख मौसमों में से एक माना जाता है और इस दौरान विभिन्न देशों से बड़ी संख्या में पर्वतारोही हिमालय की चोटियों पर अभियान के लिए पहुंचते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास