नेपाल के रसुवा में चिलिमे हाइड्रोपावर की सुरंग में मिले चार शव, छह कर्मचारी अभी भी लापता

 


काठमांडू, 16 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के रसुवा स्थित चिलिमे हाइड्रोपावर परियोजना की सुरंग के अंदर चार शव बरामद किए गए हैं। खोज और बचाव अभियान में जुटी टीम ने बुधवार को सुरंग के भीतर से चार शव बरामद किए।

चिलिमे जलविद्युत परियोजना के बचाव अभियान में तैनात सशस्त्र पुलिस निरीक्षक वकील बहादुर धानुक ने इसकी पुष्टि की है।

रसुवा की भोटेकोसी नदी में २६ अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ से चिलिमे समेत कई जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा था। बाढ़ में परियोजनाओं में कार्यरत कई मजदूर और कर्मचारी लापता हो गए थे। चिलिमे परियोजना के पावर हाउस और गेट पर कार्यरत छह कर्मचारी अभी भी लापता हैं। आशंका थी कि वे परियोजना के अंदर फंस गए होंगे।

सुरंग के अंदर लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस के 11 सदस्यों की टीम खोज एवं बचाव अभियान में जुटी थी। विनाशकारी बाढ़ के बाद विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते लगातार खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास