नेपाल के ललितपुर में पूरी हुई भोटो यात्रा, राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने किया अवलोकन
काठमांडू, 21 जून (हि.स.)। वर्षा और समृद्धि के देवता माने जाने वाले रातो मच्छिन्द्रनाथ के अवसर पर रविवार को चौथे दिन ऐतिहासिक भोटो दिखाने की यात्रा (भोटो जात्रा) संपन्न हो गई। रातो मच्छिन्द्रनाथ का रथ ललितपुर के थटिटोल से खींचकर जावलाखेल पहुंचाया गया।
जावलाखेल के विशेष समारोह में राष्ट्र प्रमुख के रूप में नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल उपस्थित रहे और उन्होंने पवित्र भोटो का अवलोकन किया। राष्ट्रपति पौडेल के साथ उपराष्ट्रपति रामसहाय यादव, प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, गृहमंत्री सुधन गुरूंग, ललितपुर के मेयर चिरीबाबु महर्जन, संवैधानिक निकायों के प्रमुख तथा सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख भी जावलाखेल पहुंचे थे।
मान्यता है कि भोटो जात्रा का यह उत्सव लिच्छवी काल से मनाया जाता रहा है, जिससे इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता और बढ़ जाती है।कपड़े की थैली में सीलबंद कर सुरक्षित रखे गए मणि-माणिक्य जड़ित पवित्र भोटो के दर्शन के लिए जावलाखेल में आम जनता की भारी भीड़ उमड़ी। भारी भीड़ के बीच गुठी संस्थान के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति से भोटो दिखाया।
इस अवसर पर ललितपुर की कुमारी ने राष्ट्रपति पौडेल और अन्य विशिष्ट अतिथियों को टीका एवं प्रसाद प्रदान किया। भोटो दिखाए जाने के साथ ही काठमांडू उपत्यका की सबसे लंबी और ऐतिहासिक रथयात्राओं में से एक रातो मच्छिन्द्रनाथ का औपचारिक समापन हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास