नेपाल इन्वेस्टमेंट मेगा बैंक लिमिटेड के सीईओ ठगी के मामले में गिरफ्तार
काठमांडू, 13 मई (हि.स.)। नेपाल इन्वेस्टमेंट मेगा बैंक लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ज्योति प्रकाश पाण्डे को ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके फरार होने की कोशिश कर रहे पाण्डे को काठमांडू के बाहर सिन्धुली जिले के बसपार्क से आज सुबह गिरफ्तार किया गया।
नेपाल पुलिस के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (सीआईबी) के प्रमुख एआईजी मनोज केसी ने बताया कि मदन भण्डारी राजमार्ग पर वाहन जांच के दौरान आज सुबह करीब 8 बजे उन्हें पकड़ा गया। पाण्डे को स्मार्ट टेलीकाम की संपत्ति खरीद-बिक्री प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है। स्मार्ट टेलिकम को नेपाल में दूरसंचार सेवा संचालन के लिए आधारभूत टेलीफोन सेवा का लाइसेंस मिला था, लेकिन कंपनी ने नियमानुसार लाइसेंस का नवीकरण नहीं कराया। इसी कारण कंपनी का लाइसेंस स्वतः रद्द हो गया था।
इसके बाद दूरसंचार सेवा प्रदायक की संपत्ति व्यवस्थापन नियमावली के तहत कंपनी की सभी संपत्तियां, दूरसंचार पूर्वाधार, संरचनाएं, दूरसंचार प्रणाली और नेटवर्क को नेपाल दूरसञ्चार प्राधिकरण ने अपने नियंत्रण में ले लिया था। आरोप है कि इन्वेस्टमेंट मेगा बैंक ने अपने कर्ज की वसूली के नाम पर स्मार्ट टेलीकाम की संपत्ति एक अन्य कंपनी को बेच दी।
सीआईबी के अनुसार नेपाल सरकार की संपत्ति को बेईमानीपूर्वक बेचकर सरकार के अधिकार को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से काम किया गया। इस मामले में ठगी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में लोन रिकवरी कमेटी के अध्यक्ष पाण्डे भी संलिप्त पाए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास