नेपाल में 11 दिन बाद सकुशल मिला 15 महीने का लापता बच्चा, अपहरण के आरोप में महिला गिरफ्तार
काठमांडू, 15 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के धनुषा जिले की विदेह नगरपालिका क्षेत्र के तीनकोरिया से लापता 15 महीने के बच्चे को पुलिस ने 11 दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के अपहरण के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस कार्यालय धनुषा के अनुसार, कमलेश महतो का 15 महीने का बेटा सिद्धांत महतो 3 सितंबर को शाम करीब 4:40 बजे घर के आंगन में खेलते समय लापता हो गया था। सूचना मिलने के बाद गिद्धा पुलिस चौकी से टीम को मौके पर भेजा गया। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक रूपेश खड्का के नेतृत्व में 60 पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई। प्रशिक्षित खोजी कुत्तों की मदद से भी घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पता चला कि कमला नगरपालिका की करीब 41 वर्षीय पुनिता देवी पासवान ने बच्चे का कथित तौर पर अपहरण किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला बच्चे को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर नेपाल और भारत के विभिन्न इलाकों में छिपाती रही। पुलिस ने धनुषा के सभी सीमा नाकों पर 24 घंटे निगरानी बढ़ाने के साथ तकनीकी जांच के जरिए महिला और बच्चे की तलाश तेज कर दी।
पुलिस की घेराबंदी के बाद 14 सितंबर को दोपहर करीब 3:35 बजे महिला बच्चे को अपने घर से लगभग 300 मीटर दक्षिण सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गई। पुलिस ने तुरंत बच्चे को बरामद कर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और परिजनों को सौंप दिया। बच्चे की हालत सामान्य बताई गई है।
आरोपी महिला पुनिता देवी पासवान को पुलिस ने उसी दिन शाम करीब 3:45 बजे भारत की ओर भागते समय महिनाथपुर स्थित दशगजा सीमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास