नेपाल के सेना प्रमुख ने चीन की जनमुक्ति सेना की भूमिका को सराहा

 


काठमांडू, 25 जुलाई (हि.स.)। नेपाली सेना के प्रधान सेनापति अशोकराज सिग्देल ने कहा है कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) या जनमुक्ति सेना ने पंचशील के सिद्धांतों पर आधारित नेपाल-चीन संबंधों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

चीन की पीएलए की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ के अवसर पर काठमांडू स्थित चीनी दूतावास द्वारा शुक्रवार को आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नेपाली सेना और पीएलए के बीच संबंध मजबूत हैं और लगातार प्रगाढ़ हो रहे हैं।

सिग्देल ने उल्लेख किया कि दोनों सेनाओं के बीच होने वाली नियमित उच्चस्तरीय यात्राओं और आदान-प्रदान ने द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। संयुक्त सैन्य अभ्यास ने आपसी विश्वास, समझ और सहयोग को और गहरा बनाया है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में भी नेपाली सेना और पीएलए के बीच सहयोग और अधिक विस्तारित होगा, जिससे नेपाल-चीन मैत्रीपूर्ण संबंध और मजबूत होंगे।

इस अवसर पर नेपाल में चीन के राजदूत चांग माओमिंग ने कहा कि पिछले 99 वर्षों में पीएलए ने चीन की राष्ट्रीय स्वतंत्रता, मुक्ति, संप्रभुता, सुरक्षा एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के तीव्र विकास के साथ पीएलए के आधुनिकीकरण में उल्लेखनीय प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसने विश्व शांति में भी सकारात्मक योगदान दिया है।

चांग ने उल्लेख किया कि चीन मानवीय सहायता, आपदा राहत और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य देशों में चीन शांति सैनिकों का योगदान देने वाला सबसे बड़ा देश है और नेपाल दुनिया के प्रमुख शांति सैनिक योगदानकर्ता देशों में से एक है।

नेपाल और चीन के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों के दीर्घकालिक, पारस्परिक सम्मान और समानता पर आधारित होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंध आने वाले दिनों में और मजबूत होंगे।

समारोह में पीएलए के वरिष्ठ कर्नल चौ जुन ने कहा कि नए युग की आवश्यकताओं के अनुसार पीएलए लगातार आधुनिक हो रही है और राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा तथा विकास के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास