काठमांडू एयरपोर्ट पर 14 किग्रा थाई गांजा बरामद, भारत की दो महिला गिरफ्तार

 


काठमांडू (नेपाल), 28 अक्टूबर (हि.स.)। काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पुलिस ने 14 किलोग्राम थाई गांजा बरामद किया है। इस संबंध में भारत की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान 46 वर्षीय शबानानु यार मोहम्मद शेख और 35 वर्षीय शरीफा अब्बास के रूप में हुई है।

हवाई मार्ग से नेपाल आने वाले यात्रियों की प्रोफाइलिंग के दौरान मंगलवार रात को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शाखा से तैनात पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया। दोनों बाटिक एयर की उड़ान से काठमांडू पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं थाईलैंड से मलेशिया होते हुए नेपाल आईं । नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहायक प्रवक्ता जीवन निरौला ने बताया कि दोनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास