नाटो की एकता बनाए रखना यूरोप की प्राथमिकता : जर्मन चांसलर मर्ज

 


बर्लिन, 09 मई। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा है कि यूरोप भविष्य में भी नाटो गठबंधन को मजबूत और सक्रिय बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बावजूद यूरोपीय देश सामूहिक सुरक्षा और सहयोग की नीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

मर्ज का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका और कई यूरोपीय देशों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। जर्मनी सहित कुछ यूरोपीय देशों ने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ अपनाए गए सैन्य रुख का समर्थन करने से दूरी बनाई है। इसके बावजूद जर्मन नेतृत्व का कहना है कि नाटो की एकता और सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मर्ज ने कहा, “हम वास्तव में इस गठबंधन को भविष्य के लिए सक्रिय रखना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि सहयोगी देशों के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद और चुनौतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन सभी का अंतिम उद्देश्य शांति और स्थिरता कायम रखना है।

जर्मन चांसलर ने कहा कि अमेरिका और यूरोप दोनों इस बात पर सहमत हैं कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष समाप्त होना चाहिए। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की क्षमता हासिल नहीं करने दी जानी चाहिए।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय