नाटो कमांडर ने रूस की कथित तोड़फोड़ के खिलाफ यूरोपीय देशों से एकजुट रुख अपनाने की अपील की

 

ब्रसेल्स, 28 सितंबर (हि.स.)। नाटो के सुप्रीम एलाइड कमांडर यूरोप एलेक्सस ग्रिंकेविच ने यूरोपीय देशों से रूस पर लगाए जा रहे तोड़फोड़ और अन्य अस्थिरता फैलाने वाले कृत्यों की सार्वजनिक रूप से जिम्मेदारी तय करने तथा यूक्रेन के समर्थन को मजबूत करने की अपील की है।

उन्होंने यूरोपीय संसद की एक समिति में कहा कि रूस से जुड़ी गतिविधियों की जिम्मेदारी सार्वजनिक रूप से तय करने से मॉस्को को यह संदेश जाएगा कि उसकी गतिविधियों को समझा जा रहा है। उनके मुताबिक, इससे ऐसी गतिविधियों की लागत बढ़ सकती है और उन्हें रोकने में मदद मिल सकती है।

ग्रिंकेविच ने कहा कि हाल के महीनों में यूरोप के कई देशों में रूस से जुड़ी बताई जा रही तोड़फोड़, साइबर हमले, ड्रोन देखे जाने और अन्य ‘हाइब्रिड हमलों’ की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य यूक्रेन को समर्थन जारी रखने के लिए सहयोगी देशों की इच्छा को कमजोर करना है।

उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को शुरू की गई नाटो की ‘ईस्टर्न सेंट्री’ पहल का भी असर दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, इसके लागू होने के बाद रूस ने बाल्टिक देशों या पोलैंड की सीमा में ड्रोन भेजने से अधिक सावधानी बरती है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय