यूएई में मिसाइल हमले का अलर्ट, कुछ देर बाद हालात सामान्य

 

अबू धाबी, 04 मई (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में सोमवार को मिसाइल हमले की आशंका को लेकर अलर्ट जारी होने से कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा। नागरिकों के मोबाइल फोन पर आपात संदेश भी भेजा गया, जिसमें उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और आधिकारिक निर्देशों का इंतजार करने को कहा गया।

अलर्ट जारी होते ही कई इलाकों में लोगों ने एहतियात के तौर पर घरों और सुरक्षित ठिकानों का रुख किया। सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं और संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई।

हालांकि, कुछ ही देर बाद दूसरा आधिकारिक संदेश जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह का तात्कालिक खतरा नहीं है। इसके साथ ही लोगों से सामान्य दिनचर्या जारी रखने की अपील की गई।

यह पहली बार नहीं है जब यूएई में इस तरह का अलर्ट जारी किया गया हो। इससे पहले मार्च महीने में भी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और मिसाइल तथा ड्रोन हमलों की आशंका के बीच इसी तरह के चेतावनी संदेश जारी किए गए थे।

खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण इस तरह की सतर्कता बरतना जरूरी है। हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय