मेक्सिको ने ईरानी फुटबॉल टीम को दिया वीजा, वर्ल्ड कप तैयारियों को मिली राहत

 


- सुरक्षा कारणों से अमेरिका की जगह तिजुआना में बनेगा ईरान का ट्रेनिंग बेस

नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। 2026 के फीफा विश्व कप की तैयारियों के बीच ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को बड़ी राहत मिली है। मेक्सिको ने ईरानी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को वीजा जारी कर दिया है, जिससे टीम की विश्व कप पूर्व तैयारियों का रास्ता साफ हो गया है।

तुर्किये में ईरान के राजदूत मोहम्मद-हसन हबीबुल्लाहजादेह ने जानकारी दी कि मेक्सिको सरकार ने टीम के सभी सदस्यों को आवश्यक यात्रा दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं। इससे ईरानी दल अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले सकेगा।

ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए ईरानी फुटबॉल महासंघ ने अपने मूल प्रशिक्षण केंद्र में बदलाव का फैसला किया था। पहले टीम का ट्रेनिंग बेस अमेरिकी राज्य एरिजोना में प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे मेक्सिको के तिजुआना शहर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।

बताया गया है कि इस बदलाव के लिए ईरानी फुटबॉल महासंघ ने फीफा से अनुमति भी मांगी थी। मंजूरी मिलने के बाद तिजुआना को टीम के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चुना गया।

ईरानी टीम के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि विश्व कप से पहले खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वीजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब टीम अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मेक्सिको में प्रशिक्षण शुरू कर सकेगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय