पाकिस्तान के पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को मानहानि का नोटिस, सालिक हुसैन ने लगाए गंभीर आरोप

 




इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 17 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान मुस्लिम लीग (कायद-ए-आजम) के नेता चौधरी सालिक हुसैन ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को मानहानि का नोटिस भेजा है। हुसैन ने सोमवार को यह जानकारी दी। पीएमएल-क्यू नेता सालिक हुसैन ने इससे पहले पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री मरियम ने उन्हें पांच अरब रुपये का मानहानि का नोटिस भेजा था। नोटिस में सालिक से अपने बयान को वापस लेने की मांग की गई थी। चौधरी सालिक हुसैन पाकिस्तान की संघीय कैबिनेट में प्रवासी पाकिस्तानी और मानव संसाधन विकासमंत्री हैं।

डान अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, पीएमएल-क्यू नेता सालिक हुसैन ने बताया कि उन्होंने मरियम के नोटिस का जवाब देने के साथ-साथ दो नोटिस भी भेजे हैं। उन्होंने कहा कि मरियम और पंजाब की सूचनामंत्री अज़मा बुखारी को भी मानहानि के दो कानूनी नोटिस भेजे हैं। सालिक ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कानूनी नोटिस का औपचारिक जवाब भेज दिया गया है। उन्होंने फिर दोहराया, कानूनी नोटिस के जरिए डराने-धमकाने की कोशिशें मुझे चुप नहीं करा सकतीं और न ही मुझे जनहित और लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दों को उठाने से रोक सकती हैं।

उन्होंने ने अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा, यह प्रांत भारी कुप्रबंधन और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से जूझ रहा है। ऐसे मुद्दों पर डराने-धमकाने के बजाय, थोड़ी आत्म-समीक्षा और जवाबदेही की जरूरत है। पीएमएल-क्यू नेता ने पंजाब और पाकिस्तान के हित में पारदर्शिता बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया। एक्स पर एक अलग पोस्ट में सालिक ने बताया, इसके अलावा, मैंने अपने कानूनी सलाहकार के जरिए मानहानि के दो कानूनी नोटिस भेजे हैं। एक नोटिस मरियम नवाज शरीफ को और दूसरा अजमा जाहिद बुखारी को भेजा गया है।

पिछले हफ्ते एक इंटरव्यू में सालिक ने कहा कि वह पंजाब में भ्रष्टाचार को लेकर अपनी पिछली बातों पर कायम हैं। उन्होंने मरियम के बयानों को अनुचित और निचले स्तर का बताया। उन्होंने इस बात पर भी अफसोस जताया कि अजमा बुखारी के तीखे बयानों ने इस विवाद को और बढ़ा दिया है। सालिक की ओर से वकील वलीद खालिद के जरिए मरियम को मानहानि का नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस 3 नवंबर, 2026 को अटक में एक सार्वजनिक भाषण के दौरान मरियम द्वारा दिए गए झूठे, बेबुनियाद और मानहानि करने वाले बयानों के संबंध में भेजा गया है।

नोटिस में कहा गया है कि ये बयान किसी की प्रतिष्ठा पर अनुचित हमला है और इन्हें बिना किसी कानूनी आधार के दिया और फैलाया गया है। इसमें 'पंजाब मानहानि अधिनियम 2024' की धारा 2(h) और 3 का हवाला दिया गया है। नोटिस में मांग की गई है कि इसे मिलने के सात दिनों के भीतर मरियम सालिक पर लगाए गए आरोपों को वापस लें और बिना शर्त माफी मांगें। यह माफी उसी तरह प्रमुखता से दी जानी चाहिए, जिस तरह से उनके मूल बयान प्रकाशित या प्रसारित किए गए थे।

इसमें मुख्यमंत्री से यह भी कहा गया है कि वे अपने नियंत्रण वाले अकाउंट्स और चैनलों से इन बयानों को हटा दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर मरियम की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी और हर्जाने (खर्च और नुकसान की भरपाई) की मांग की जाएगी। नोटिस में याद दिलाया गया है कि 3 नवंबर के अपने भाषण में पंजाब की मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सालिक का नाम लिया था। उन्होंने पंजाब में भ्रष्टाचार को लेकर सालिक की बातों को इस तरह पेश करने की कोशिश की, मानो वे केवल इसलिए की गई हों क्योंकि सालिक गुजरात में अपनी पसंद के डिप्टी कमिश्नर की नियुक्ति नहीं करवा पाए थे।

नोटिस में वकील ने स्पष्ट किया कि एआरवाई न्यूज को दिया गया सालिक का इंटरव्यू 25 सितंबर को रिकॉर्ड किया गया था और चैनल ने अपनी संपादकीय नीतियों के अनुसार 2 नवंबर को इसके कुछ हिस्से प्रसारित किए। सालिक की पहले दी गई सफाई को दोहराते हुए वकील ने बताया कि पंजाब सरकार ने 31 अक्टूबर को गुजरात के डिप्टी कमिश्नर का तबादला कर दिया था और उनकी जगह किसी दूसरे अधिकारी को तैनात किया गया था।

नोटिस में कहा गया है कि मरियम के बयान से गलत तरीके से यह संकेत मिलता है कि सालिक गुजरात में अपनी पसंद का डिप्टी कमिश्नर चाहते थे और जब वे अपनी पसंद के अधिकारी की नियुक्ति नहीं करवा पाए तो उन्होंने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए। पाकिस्तान के सबसे अधिक आबादी वाले प्रांत पंजाब की मौजूदा मुख्यमंत्री होने के नाते, आपसे यह उम्मीद की जाती है कि आप अपने शब्दों और सार्वजनिक बयानों से जुड़े महत्व और जिम्मेदारी को समझेंगी। इतने ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति को इस बात का अधिक ध्यान रखना चाहिए कि उनके बयानों से दूसरों के अधिकारों और प्रतिष्ठा पर कोई बुरा असर न पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद