लीबिया में एक दशक बाद एकीकृत बजट को मंजूरी, आर्थिक स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम
त्रिपोली, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरी अफ्रीकी देश लीबिया ने एक दशक से अधिक समय बाद अपना पहला एकीकृत राष्ट्रीय बजट मंजूर कर लिया है। केंद्रीय बैंक के अनुसार, देश की दो प्रतिद्वंद्वी विधायी संस्थाओं ने मिलकर इस बजट को स्वीकृति दी, जिसे राजनीतिक और आर्थिक एकता की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व स्थित प्रतिनिधि सभा (एचओआर) और पश्चिम स्थित हाई काउंसिल ऑफ स्टेट (एचएससी) ने लगभग 190 अरब लीबियाई दिनार (लगभग 38 अरब डॉलर) के बजट पर सहमति जताई है।
केंद्रीय बैंक के गवर्नर नाजी इस्सा ने कहा कि यह समझौता वर्षों से चले आ रहे वित्तीय विभाजन को समाप्त करने और स्थिरता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे देश के भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण का प्रतीक बताया।
इस समझौते के तहत वेतन, सब्सिडी और सरकारी खर्चों की जिम्मेदारी राष्ट्रीय एकता की सरकार को सौंपी गई है, जबकि विकास परियोजनाओं की प्राथमिकताओं को तय करने के लिए सभी पक्षों की एक संयुक्त समिति बनाई जाएगी।
बजट में विकास परियोजनाओं के लिए करीब 40 अरब दीनार, सब्सिडी के लिए 37 अरब, वेतन के लिए 73 अरब और पारिवारिक भत्तों के लिए 18 अरब दीनार का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, राष्ट्रीय तेल कंपनी को 12 अरब दीनार आवंटित किए गए हैं, क्योंकि लीबिया की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा तेल उत्पादन पर निर्भर करता है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में गृहयुद्ध के बाद से लीबिया दो हिस्सों पूर्व और पश्चिम में बंटा हुआ था, जहां अलग-अलग प्रशासन काम कर रहे थे। इससे पहले आखिरी बार 2013 में एक संयुक्त राष्ट्रीय बजट पारित हुआ था।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय