लेबनान और खाड़ी देशों पर हमले जारी, मध्य बेरूत में चार की मौत, कुवैत में ड्रोन की बौछार
बेरूत (लेबनान)/कुवैत सिटी, 08 मार्च (हि.स.)। इजराइल के लेबनान पर हमले जारी हैं। ईरान ने माफी मांगने के बावजूद फारस की खाड़ी के देशों पर बमबारी की है। लेबनान में चार लोगों के मारे जाने की सूचना है। कुवैत में इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला कर फ्यूल स्टोरेज को निशाना बनाया गया है। इजराइल का ताजा हमला मध्य बेरूत के बीचों-बीच हुआ है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की सेंट्रल बेरूत में रमाडा होटल की बिल्डिंग के एक अपार्टमेंट पर इजराइली हमले में कम से कम चार लोग मारे गए और दस अन्य घायल हो गए। हैरानी की बात है कि इजराइल ने हिजबुल्लाह के नियंत्रण वाले दक्षिणी इलाकों के बजाय मध्य बेरूत के बीचों-बीच हमला किया।
इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने कहा कि उसने बेरूत में सक्रिय इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की कुद्स फोर्स की लेबनान कॉर्प्स के खास कमांडरों को निशाना बनाकर सटीक हमला किया है। हमले से पहले आम लोगों को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए कदम उठाए गए।
इस बीच फारस की खाड़ी के देशों ने रविवार सुबह हवाई हमलों और इंटरसेप्शन की रिपोर्ट दी है। कुवैती आर्मी ने कहा कि स्थानीय समय पर रविवार को ईरान ने कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ्यूल स्टोरेज पर ड्रोन की बौछार कर दी। कुवैती आसमान में ड्रोन को इंटरसेप्ट किया जा रहा है। ड्रोन मलबे से कुछ नागरिक ढांचों को नुकसान हो रहा है।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने भी कहा है कि उसने ड्रोन हमलों का सामना किया और रविवार सुबह कम से कम 21 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। बहरीन में किंग फहद कॉज-वे के पार मीना सलमान बंदरगाह पर एक जगह पर आग लग गई है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने इसे ईरानी हमला बताया है।
यह हमले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के माफी मांगने के बाद हुए हैं। उन्होंने शनिवार को खाड़ी देशों से पिछले हफ्ते इलाके में यूएस बेस पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के लिए माफी मांगी थी। पेजेशकियन के कार्यालय ने बाद में साफ किया कि राष्ट्रपति का मतलब था ''अगर इलाके के देश अमेरिका के ईरान पर हमले में साथ नहीं देते हैं, तो हम उन पर हमला नहीं करेंगे।''
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद