नेपाल में बालेन शाह ने ओली पर बनाई निर्णायक बढ़त
काठमांडू, 07 मार्च (हि.स.)। नेपाल में प्रतिनिधि सभा के चुनाव की मतगणना लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी जारी है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार बालेश शाह झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र से अपने निकटत प्रतिद्वंद्वी नेेकपा (एमाले) के उम्मीदवार केपी शर्मा 'ओली' पर निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक मतगणना जारी है। बालेन शाह को 42,543 मत मिल चुके हैं, जबकि ओली उनसे 31,116 मतों से पीछे चल रहे हैं। काठमांडू महानगर के मेयर पद से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतरे बालेन शाह को राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला ओली से है, जो नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी) के अध्यक्ष हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक अभी तक बालेन शाह को 42,543 मत, नेकपा (एमाले) के अध्यक्ष ओली को 11,427 मत, श्रम संस्कृति पार्टी के समीर तामाङ को 7,107 मत, नेपाली कांग्रेस के मन्धरा चिमरिया को 1,202 और नेकपा के रञ्जित तामाङ को 911 मत मिले हैं।
ओली का मजबूत गढ़ माने जाने वाले झापा–५ में बालेन शाह ने शुरुआती मतगणना से ही बढ़त बनाए रखी है, जिसे राजनीतिक हलकों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। काठमांडू में स्वतंत्र रूप से काम करके लोकप्रिय बने बालेन शाह को उनकी पार्टी ने प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में आगे बढ़ाया है।
पांच मार्च को हुए मतदान के बाद शुरू हुई मतगणना में बालेन शाह शुरू से ही आगे चल रहे हैं। झापा के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से उन्हें उल्लेखनीय समर्थन मिल रहा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास