ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा उलटफेर, कीर स्टार्मर ने इस्तीफे का ऐलान किया
लंदन, 22 जून (हि.स.)। ब्रिटेन की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए कहा है कि अब पार्टी को नए नेतृत्व की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए नेता के चयन तक वह प्रधानमंत्री पद पर बने रहेंगे, ताकि सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
डाउनिंग स्ट्रीट से राष्ट्र को संबोधित करते हुए स्टार्मर ने कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि नए नेता के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और पार्टी की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया के बाद नया नेतृत्व तय किया जाएगा। अपने संबोधन में स्टार्मर ने कहा कि वह अपने उत्तराधिकारी को पूरा समर्थन देंगे और उन्हें विश्वास है कि नया नेतृत्व देश को आगे बढ़ाने का काम करेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने ऐसे समय में जिम्मेदारी संभाली थी, जब पार्टी कई चुनौतियों का सामना कर रही थी।
लेबर पार्टी के भीतर अब नए नेता की तलाश तेज हो गई है। राजनीतिक हलकों में एंडी बर्नहम को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। उन्होंने नेतृत्व चुनाव में उतरने के संकेत भी दिए हैं और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का समर्थन उन्हें मिल रहा है। स्टार्मर ने वर्ष 2020 में लेबर पार्टी का नेतृत्व संभाला था और 2024 के आम चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि, हाल के महीनों में पार्टी के भीतर उनकी नीतियों और नेतृत्व शैली को लेकर असंतोष बढ़ता दिखाई दिया।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय