काठमांडू में 3 किलो कोकीन बरामद, 87 वर्षीय दक्षिण कोरियाई नागरिक और भारतीय गिरफ्तार

 




काठमांडू, 29 नवंबर (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू में पुलिस ने तीन किलो कोकीन बरामद करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में 87 वर्षीय दक्षिण कोरियाई नागरिक और 28 वर्षीय भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।

नेपाल के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 87 वर्षीय दक्षिण कोरियाई नागरिक सुक चुन ली और 28 वर्षीय भारतीय नागरिक दीपक उत्तम वाघमारे के रूप में हुई है। दोनों को काठमांडू के ठमेल स्थित जेपी रोड के एक होटल से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, दक्षिण कोरियाई नागरिक ली पेरू से काठमांडू तक कोकीन लेकर आया था। उसने सूटकेस में विशेष रूप से फॉल्स बॉटम (गुप्त तह) बनाकर तीन किलो कोकीन छिपा रखी थी। यह सूटकेस त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा जांच पार कर बाहर निकल चुका था।

जांच में सामने आया है कि कोरियाई नागरिक पेरू से कोकीन नेपाल लाने और भारतीय नागरिक इसे काठमांडू से मुंबई पहुंचाने की योजना में शामिल थे। दोनों के बीच कोकीन से भरे सूटकेस का हस्तांतरण एक विशेष पासवर्ड के जरिए किया जाना था।

ब्यूरो प्रमुख एवं पुलिस वरिष्ठ अधीक्षक (एसएसपी) सुवासचंद्र बोहरा के अनुसार, दक्षिण कोरियाई नागरिक 26 नवंबर को पेरू से स्पेन के मैड्रिड और कतर के दोहा होते हुए नेपाल पहुंचा था।

उसके यात्रा रिकॉर्ड की जांच में यह भी पता चला है कि वह इससे पहले 19 जुलाई 2026 को नेपाल आया था। उस समय वह ठमेल के एक होटल में तीन दिन ठहरने के बाद वापस दक्षिण कोरिया लौट गया था।

एसएसपी बोहरा ने बताया कि नेपाल में कोकीन तस्करी के मामले में किसी दक्षिण कोरियाई नागरिक की गिरफ्तारी पहली बार हुई है। इसके अलावा, मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में 87 वर्षीय बुजुर्ग की गिरफ्तारी का भी यह पहला मामला है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास