काठमांडू के पूर्व मुख्य जिलाधिकारी कुछ ही घंटों बाद जमानत पर रिहा
काठमांडू, 31 मार्च (हि.स.)। काठमांडू के पूर्व मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) छवि रिजाल को मंगलवार को उनकी गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्हें बीते वर्ष आठ औऱ नौ सितंबर में हुए 'जेन-जी' आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हिंसक दमन और कार्रवाई के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि नेपाल पुलिस ने रिजाल को इस शर्त पर 'अटेंडेंस बॉन्ड' पर रिहा किया है कि जब भी अधिकारी उन्हें बुलाएंगे, उन्हें पेश होना होगा।
नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की एक टीम ने उन्हें काठमांडू में उनके निवास सुबिधानगर से गिरफ्तार कर काठमांडू पुलिस हेडक्वार्टर को सौंपा था। पुलिस प्रवक्ता एसपी पवन भट्टराई के अनुसार आवश्यक होने पर अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होने की सहमति देने के बाद उन्हें सामान्य तारीख पर रिहा किया गया।
इसी मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पिछले शनिवार की सुबह को गिरफ्तार किया गया था। ये दोनों फिलहाल पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास