पूर्वोत्तर जापान में 7.2 तीव्रता का भूकंप, 4 घायल
टोक्यो, 17 जून (हि.स.)। पूर्वोत्तर जापान में गुरुवार सुबह 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप में कम से कम चार लोग घायल हो गए, जबकि बुलेट ट्रेन सेवाएं और स्कूल संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हुए। हालांकि, अधिकारियों ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
जापान की सरकारी संवाद समिति क्योडो न्यूज ने मौसम विज्ञान एजेंसी के हवाले से बताया कि भूकंप सुबह करीब 7:30 बजे आया। इसका केंद्र इवाते प्रांत के प्रशांत तट से दूर लगभग 44 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। जापानी भूकंप तीव्रता पैमाने पर आओमोरी प्रांत के हाशिकामी में झटकों की तीव्रता अपर 6 और हाचिनोहे में लोअर 6 दर्ज की गई।
एजेंसी ने बताया कि अपर 6 स्तर के झटकों के दौरान लोगों के लिए खड़े रहना मुश्किल हो जाता है, अधिकांश बिना फिक्स किए गए फर्नीचर हिलने लगते हैं और सामान गिर सकता है।
स्थानीय अग्निशमन विभागों के मुताबिक, चार लोगों को मामूली चोटों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में किशोर और 50 वर्ष की आयु के लोग शामिल हैं।
मौसम एजेंसी ने नागरिकों से अगले एक सप्ताह तक सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि इस अवधि में इसी स्तर के और भूकंप आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
भूकंप के बाद हाशिकामी के सभी पांच स्कूलों तथा हाचिनोहे के 65 स्कूलों को एहतियातन कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। वहीं, टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच चलने वाली तोहोकू शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जिन्हें बाद में दोपहर तक बहाल कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के प्रमुख परमाणु ऊर्जा संयंत्रों—हिगाशिदोरी, ओनागावा, फुकुशिमा दाइची और फुकुशिमा दाइनी—में किसी प्रकार की असामान्यता दर्ज नहीं की गई। प्रयुक्त परमाणु ईंधन के पुनर्प्रसंस्करण और भंडारण केंद्रों में भी कोई नुकसान नहीं हुआ है।
प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और भूकंप के प्रभावों का आकलन करने के लिए संबंधित एजेंसियों से जानकारी जुटाई जा रही है।
हालांकि भूकंप काफी शक्तिशाली था, लेकिन राहत की बात यह रही कि इससे सुनामी का खतरा उत्पन्न नहीं हुआ और बड़े पैमाने पर किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी