फ्लोटिला कार्यकर्ताओं से कथित व्यवहार पर इटली ने इजराइल से मांगी सफाई
रोम, 20 मई (हि.स,)। गाजा की ओर जा रहे सहायता अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार को लेकर इटली और इजराइल के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। इटली की प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रदर्शनकारियों के साथ ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। इटली ने संकेत दिया है कि वह इस मुद्दे पर इजराइल के राजदूत को तलब कर सकता है।
यह विवाद उस समय सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें हिरासत में लिए गए कुछ कार्यकर्ता घुटनों के बल बैठे दिखाई दिए। वीडियो में उनके हाथ पीछे बंधे होने का दावा किया गया। बताया जा रहा है कि वीडियो एक इजराइली मंत्री ने साझा किया था, जिसके बाद इस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रिया शुरू हो गई।
इटली सरकार ने कहा कि हिरासत में मौजूद लोगों में कई इतालवी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। सरकार ने इस मामले को मानव गरिमा से जुड़ा विषय बताते हुए अपने नागरिकों की जल्द रिहाई सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर पर कदम उठाने की बात कही है। साथ ही इजराइली पक्ष से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण और औपचारिक प्रतिक्रिया की भी मांग की गई है।
रिपोर्टों के अनुसार यह सहायता अभियान गाजा के लिए समुद्री रास्ते से राहत सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। अभियान में शामिल जहाज पिछले सप्ताह तुर्किये से रवाना हुए थे। इजराइली अधिकारियों का कहना है कि जहाजों को भूमध्यसागर में रोका गया और उनमें मौजूद सैकड़ों लोगों को हिरासत में लेकर इजराइल लाया गया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय