यूरोप में भीषण गर्मी का कहर, इटली और बाल्कन देशों में रेड अलर्ट

 

बेलग्रेड/रोम, 29 जून (हि.स.)। यूरोप के कई देश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। इटली और बाल्कन क्षेत्र में रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया जा रहा है, जबकि अमेरिका के कई हिस्सों में भी तेज गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है और जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

इटली में सोमवार को 22 शहरों में रेड अलर्ट जारी किया गया। उत्तरी शहर बोलजानो से लेकर सिसिली द्वीप के पालेर्मो तक अत्यधिक गर्मी का असर देखा गया। राजधानी रोम में भी तापमान काफी अधिक रहा, जहां धार्मिक समारोहों में शामिल लोगों को धूप और गर्मी से बचने के लिए विशेष इंतजाम करने पड़े।

क्रोएशिया में भी मौसम विभाग ने राजधानी जाग्रेब समेत कई क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। एड्रियाटिक सागर स्थित विस द्वीप पर जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए दर्जनों दमकलकर्मी और हवाई संसाधन लगाए गए हैं।

सर्बिया में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, अल्बानिया में दक्षिणी क्षेत्र के जंगलों और जैतून के बागानों में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

20 जून से शुरू हुई इस हीटवेव ने यूरोप के कई देशों में शुरुआती गर्मियों के तापमान के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली व्यवस्था, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ गया है।

फ्रांस में गर्मी के कारण लगभग एक हजार अतिरिक्त मौतों की सूचना सामने आई है।

इस बीच, साइप्रस में एक कार के भीतर दो बच्चों की मौत और पोलैंड में एक साइकिल प्रतियोगिता के दौरान दो प्रतिभागियों की मौत ने भीषण गर्मी के खतरों को और गंभीर बना दिया है।

अमेरिका में भी राष्ट्रीय मौसम सेवा ने देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में अत्यधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय