नेतन्याहू की चेतावनी- लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों को नष्ट करना जारी रखेगा इजराइल
तेल अवीव, 14 सितंबर (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने की कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि इजराइल की प्राथमिकता देश के खिलाफ किसी भी संभावित खतरे को समाप्त करना है।
एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने दावा किया कि इजराइली सेना ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। उनके मुताबिक, बेरूत के दक्षिण में स्थित ब्यूफोर्ट रिज और अली ताहेर रिज क्षेत्र में संगठन के महत्वपूर्ण ठिकानों को नष्ट किया गया है।
नेतन्याहू ने कहा कि दक्षिणी लेबनान में सुरक्षा क्षेत्र के भीतर आतंकवादी ढांचे के खिलाफ इजराइल की नीति स्पष्ट है और अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इजराइल अपने नागरिकों के लिए किसी भी खतरे को स्वीकार नहीं करेगा।
इजराइली प्रधानमंत्री ने अपने विरोधियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने इजराइल पर दोबारा हमला करने का फैसला किया तो उन्हें पहले से भी अधिक कड़ी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अभी कुछ काम बाकी है और इजराइल इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय