इजराइल वेस्ट बैंक में 61 बस्तियां बसाने की कर रहा है तैयारी

 


मॉस्को, 11 जून (हि.स./रिया नोवोस्ती)। इजराइल ने जॉर्डन नदी के पश्चिम में स्थित वेस्ट बैंक में 61 बस्तियां बसाने का फैसला किया है और इसके लिए 35 कराेड डाॅलर की एक याेजना बनाई है जिसे जल्द ही सरकार मंजूरी दे सकती है।

एक्सियोस के एक पत्रकार बराक राविड ने एक सरकारी आदेश का हवाला देते हुए गुरुवार को बताया कि इजराइल जॉर्डन नदी के वेस्ट बैंक में 61 बस्तियां बसाने के लिए 350 मिलियन यानी 35 कराेड डॉलर से ज़्यादा रकम मंज़ूर करने की योजना बना रहा है।

राविड ने 'एक्स' पर लिखा, उम्मीद है कि इजराइली कैबिनेट गुरुवार को कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में 61 नई बस्तियां बसाने के लिए फंड मंज़ूर करेगी। इस प्रस्ताव की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि सरकार इन 61 नई मंज़ूरशुदा बस्तियों को कागज़ों से हकीकत में बदलने के लिए कई सालों में 35 कराेड डॉलर से ज़्यादा रकम देगी।

पत्रकार ने कहा कि इस योजना में अस्थायी रिहायशी कॉम्प्लेक्स और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के लिए फंड भी शामिल है। यह हाल के दशकों में बस्तियों के विस्तार का सबसे अहम कदम माना जा रहा है।

वेस्ट बैंक में इजराइल की बस्तियां बसाने की गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय समुदाय और फिलिस्तीनी प्राधिकरण के साथ विवाद का एक बड़ा मुद्दा रही हैं। फिलिस्तीनी इसे अपनी ज़मीन पर यहूदी देश की पकड़ मज़बूत करने की नीति के तौर पर देखते हैं।

मई के आखिर में यूरोपीय संघ ने वेस्ट बैंक में इजराइली बस्तियों से जुड़ी गतिविधियों के दौरान फिलिस्तीनियों के अधिकारों का उल्लंघन करने वाले कई लोगों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाए थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया