इजराइल में नए सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह आज

 




यरुशलम, 10 नवंबर (हि.स.)। इजराइल की 26वीं नेसेट (संसद) का उद्घाटन सत्र और शपथ ग्रहण समारोह आज शुरू हो गया। समारोह में राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग, नेसेट स्पीकर अमीर ओहाना और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11ः30 बजे (इजराइल के समय के अनुसार सुबह आठ बजे) हो गई है।

द यरुशलम पोस्ट अखबार की रिपोर्ट के अनुसार नवनिर्वाचित सांसदों को संसद के प्रवेश द्वार पर अपने कोट पर लगाने के लिए फूल दिया गया। नए सांसदों का स्वागत मिस्टर वेल और मिसेज शगाल नाम के दो रोबोट ने किया। इजराइल के समयानुसार दोपहर 3:20 बजे नेसेट प्लाजा में आधिकारिक समारोह शुरू होगा। ओहाना, राष्ट्रपति हर्जोग का स्वागत करेंगे। नेसेट गार्ड राष्ट्रपति के सम्मान में एक औपचारिक परेड आयोजित करेंगे। इसमें आईडीएफ ऑर्केस्ट्रा तुरही (ट्रम्पेट) की धुन बजाएगा।

इसके बाद राष्ट्रपति का ध्वज फहराया जाएगा। फिर हर्जोग और ओहाना 'ऑनर गार्ड' (सम्मान रक्षक दल) का निरीक्षण करेंगे। राष्ट्रपति नेसेट प्लाजा में स्थित इजराइल के शहीद सैनिकों के स्मारक और आतंकवादी हमलों के पीड़ितों की याद में बने स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके बाद हर्जोग और ओहाना नेसेट स्पीकर के कार्यालय के प्रवेश हॉल में जाएंगे, जहां राष्ट्रपति 'प्रेसिडेंट्स बुक' (राष्ट्रपति की पुस्तक) में हस्ताक्षर करेंगे। यह विशेष रूप से तैयार की गई पुस्तक है। इसमें इजराइल के राष्ट्रपति हर नई नेसेट के लिए संदेश लिखते हैं।

इसके बाद राष्ट्रपति नवनिर्वाचित सांसदों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्लेनम (सदन) में प्रवेश करेंगे। नेसेट शपथ ग्रहण समारोह शाम 04 बजे शुरू होगा। हर्जोग हथौड़ी (गेवल) को तीन बार मेज पर ठोंककर औपचारिक रूप से सत्र की शुरुआत करेंगे और फिर अपना संबोधन देंगे। इसके बाद वे ओहाना को पद की शपथ लेने के लिए आमंत्रित करेंगे और सत्र की अध्यक्षता करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंप देंगे।

ओहाना के संबोधन के बाद सभी 120 सांसद बारी-बारी से शपथ लेंगे। ओहाना और नेतन्याहू भी सभा को संबोधित करेंगे। इजराइली गायक हारेल स्काट गीत प्रस्तुत करेंगे। समारोह में सबसे पहले दिवंगत सार्जेंट रीफ हारुश के पिता एवी हारुश इस समारोह में 'बुक ऑफ साल्म्स' (भजन संहिता) से 'साल्म 122' (भजन 122) का पाठ करेंगे।

रीफ हारुश अप्रैल 2024 में दक्षिणी गाजा पट्टी में लड़ाई के दौरान मारे गए थे। नेसेट के मुख्य हॉल में स्क्रीन पर इजराइल की स्वतंत्रता घोषणा के कुछ अंश दिखाए जाएंगे। इन अंशों को इजराइल के प्रथम प्रधानमंत्री डेविड बेन-गुरियन की आवाज में सुनाया जाएगा। सत्र का समापन 'पिरचेई अश्केलोन' बच्चों के गायन समूह (क्वायर) से होगा। बच्चे इजराइल के राष्ट्रगान हातिकवाह की प्रस्तुति देंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद