लेबनान में गांव खाली करने की चेतावनी के बाद इजराइल की एयरस्ट्राइक

 

बेरूत, 05 अगस्त (हि.स.)। इजराइली सेना ने बुधवार को दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए सैन्य कार्रवाई शुरू की। सेना का कहना है कि यह कार्रवाई हिजबुल्लाह की ओर से सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन करने के जवाब में की गई है। हमलों से पहले इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के मंसूरी गांव के निवासियों को क्षेत्र खाली करने की चेतावनी भी जारी की।

इजराइली सेना ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि मंसूरी क्षेत्र में हिजबुल्लाह की गतिविधियों के खिलाफ लक्षित अभियान चलाया जा रहा है। इसी कारण स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई। पिछले एक महीने में लेबनान के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से जारी यह पहली सार्वजनिक निकासी चेतावनी बताई जा रही है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार जून के अंत में भी इजराइल ने मंसूरी गांव में पर्चे गिराकर लोगों को इलाका छोड़ने के लिए कहा था। उस समय इजराइल ने इस क्षेत्र को अपनी घोषित सुरक्षा पट्टी (बफर जोन) का हिस्सा बताया था। इसके बावजूद कुछ किसान आसपास के इलाकों में खेती और अपने घरों तक आते-जाते रहे।

यह सैन्य कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही इटली की राजधानी रोम में अमेरिका की मध्यस्थता में इजराइल और लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सुरक्षा संबंधी वार्ता हुई थी। दोनों देशों ने 26 जून को सीमा क्षेत्र में तनाव कम करने के उद्देश्य से एक सुरक्षा व्यवस्था पर सहमति जताई थी।

हालांकि, इजराइल का कहना है कि वह दक्षिणी लेबनान में अपनी सुरक्षा पट्टी बनाए रखेगा, ताकि हिजबुल्लाह से उत्पन्न होने वाले किसी भी खतरे को रोका जा सके। दूसरी ओर, लेबनान में इस नई सैन्य कार्रवाई से क्षेत्र में तनाव एक बार फिर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय