इजराइल के राष्ट्रपति ने किया मतदान, लोगों से की बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील

 




तेल अवीव (इजरायल), 27 अक्टूबर (हि.स.)। इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 120 सदस्यीय नेसेट (संसद) के लिए हो रहे चुनाव के लिए आज यरुशलम के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान केंद्र पर अपनी और पत्नी की एक तस्वीर साझा करते हुए हर्जोग ने कहा, हमने तो वोट डाल दिया है और आपने? बाहर निकलें और वोट दें।

द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार सरकार बनाने में राष्ट्रपति हर्जोग की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। आज रात वोटों की गिनती के बाद राष्ट्रपति निर्वाचित दलों के नेताओं से चर्चा करेंगे। इसके बाद वे उस सांसद को सरकार बनाने का काम सौंपेंगे, जिसके बारे में उन्हें लगता है कि वह सरकार बनाने में सबसे सफल हो सकता है। उस उम्मीदवार के पास गठबंधन बनाने के लिए 28 दिन का समय होगा, जिसे जरूरत पड़ने पर 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है।

देश में मतदान सुचारु रूप से चल रहा है। सभी नेता अपने समर्थकों से बड़ी संख्या में बाहर निकलने की अपील कर रहे हैं, क्योंकि यह चुनाव तय करेगा कि देश की अगली सरकार किसकी होगी। डेमोक्रेट्स पार्टी के नेता यायर गोलन ने रोश हा'आइन में अपनी पत्नी और पोते के साथ वोट डाला। उन्होंने कहा, आज हम इजराइल को बचा रहे हैं। उन्होंने कहा, हमने चार साल तक सड़कों पर संघर्ष किया है।

ओत्जमा येहुदित पार्टी के नेता और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन ग्विर ने किर्यत अर्बा में अपनी पत्नी के साथ वोट डाला। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विपक्षी गुट जीतता है, तो मंसूर अब्बास की सरकार बन जाएगी। उन्होंने कहा, नेतन्याहू प्रधानमंत्री होंगे और हम उस सरकार में दक्षिणपंथी विचारधारा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पीपल ऑफ इजराइल के चेयरमैन ओफेर विंटर ने मित्जपे नेटोफ़ा में अपना वोट डालते हुए कहा, इजराइल के लोगों के लिए, इजराइल के चिरस्थायी अस्तित्व के लिए और इजराइल की एकता के लिए अपने दिल की सुनकर वोट दें। हमें बड़ी सफलता मिलेगी। विंटर ने नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देने का वादा किया है।

जॉइंट लिस्ट के चेयरमैन यूसुफ जबरीन ने इस चुनाव को निर्णायक दिन बताया है। उन्होंने कहा कि अरब जनता बदलाव लाने और इस फासीवादी सरकार को सत्ता से बाहर करने की अपनी क्षमता पर भरोसा रखती है। जबरीन ने वादा किया है कि वे ऐसी किसी भी सरकार का समर्थन करेंगे जो नेतन्याहू के गठबंधन को सत्ता से हटा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद